There is no rift in the NDA, the opposition is spreading confusion in the name of reservation: MLA Alok Singh

रोहतास (सासाराम): दिनारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक सिंह ने आरक्षण के मुद्दे को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए एनडीए की एकजुटता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि एनडीए पूरी तरह मजबूत है और गठबंधन में किसी तरह का कोई मतभेद या दरार नहीं है।

विधायक आलोक सिंह ने विपक्षी नेताओं के उन दावों को खारिज किया, जिनमें एनडीए में बिखराव की बात कही जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम और अफवाह फैलाने की राजनीति कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता जमीनी हकीकत से दूर हैं और आगामी चुनाव में जनता उनके झूठे दावों और खोखले वादों का जवाब देगी।

GNSU Admission Open 2026

मांझी-चिराग की आरक्षण पर चर्चा को बताया लोकतांत्रिक प्रक्रिया

जीतन राम मांझी और चिराग पासवान के बीच आरक्षण को लेकर हुई चर्चा पर आलोक सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नेता और राजनीतिक दल को अपनी राय रखने का अधिकार है। किसी नेता की व्यक्तिगत राय को एनडीए में मतभेद के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल एकजुट हैं और मिलकर जनता के हित में काम कर रहे हैं। गठबंधन के भीतर अलग-अलग मुद्दों पर विचार-विमर्श होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

EWS आरक्षण का भी किया जिक्र

आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर विधायक ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार ने समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

आलोक सिंह ने कहा कि सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ वंचित, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लिए 10 प्रतिशत EWS आरक्षण का भी जिक्र किया।

आरक्षण संवेदनशील और संवैधानिक विषय

विधायक ने कहा कि आरक्षण एक संवेदनशील और संवैधानिक विषय है। इस तरह के मामलों पर अंतिम निर्णय सरकार और शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर लिया जाता है। उन्होंने विपक्ष से आरक्षण के मुद्दे पर राजनीति करने और जनता को भ्रमित करने से बचने की अपील की।