Congress's 'Sugar Satyagraha' against rising sugar prices and black marketing, state-wide protests on September 4

रायपुर: छत्तीसगढ़ में चीनी की बढ़ती कीमतों और कथित कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस 4 सितंबर को प्रदेशव्यापी ‘चीनी सत्याग्रह’ करेगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय सत्याग्रह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक प्रभाव गरीब, मध्यमवर्गीय और श्रमिक परिवारों पर पड़ रहा है। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ चीनी की उपलब्धता को लेकर भी बाजार में समस्याएं सामने आ रही हैं।

GNSU Admission Open 2026

महंगाई के खिलाफ जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन

कांग्रेस ने जिला इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिला मुख्यालयों में किसी महापुरुष की प्रतिमा के सामने सत्याग्रह करें। इस दौरान चीनी की बढ़ती कीमतों और कथित कालाबाजारी से आम लोगों को राहत दिलाने की मांग उठाई जाएगी।

पार्टी के मुताबिक, आंदोलन के दौरान महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस ने इसे आम जनता के घरेलू बजट से जुड़े मुद्दे के रूप में पेश किया है।

सभी स्तर के कार्यकर्ताओं की भागीदारी के निर्देश

प्रदेश कांग्रेस ने कार्यक्रम में प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों, निर्वाचित प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।

कांग्रेस का कहना है कि चीनी को प्रतीक बनाकर महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जा रहा है। पार्टी ने सभी जिला इकाइयों को 4 सितंबर को एक साथ कार्यक्रम आयोजित करने और सत्याग्रह समाप्त होने के बाद उसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने के निर्देश दिए हैं।