वाराणसी एयर शो से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, पुलिस अलर्ट
Security arrangements reviewed ahead of Varanasi air show; police on alert

वाराणसी: वाराणसी में आयोजित होने वाले एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित होना है। इसके मद्देनजर पुलिस आयुक्त ने वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल सहित प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रवेश और निकास मार्गों, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से समझाने और निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने पर जोर दिया।

GNSU Admission Open 2026

भीड़ और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर

पुलिस आयुक्त ने घाटों और नगर क्षेत्र को विभिन्न जोन, सेक्टर तथा सब-सेक्टर में बांटकर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्धारित दर्शक स्थलों पर लोगों के प्रवेश और निकास को नियंत्रित रखने तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कराने को कहा गया। घाटों पर बैरिकेडिंग और भीड़ की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन प्लान का सख्ती से पालन कराने और वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराने को कहा गया। पार्किंग भरने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर भेजने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर प्रभावी रखने पर जोर दिया गया।

सीसीटीवी से होगी निगरानी, ड्रोन पर प्रतिबंध

सुरक्षा व्यवस्था के तहत घाटों और प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से भीड़ तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कैमरों की लाइव फीड त्रिनेत्र सेंटर से मॉनिटर करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रतिबंधित ड्रोन गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।

पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को दर्शकों के साथ विनम्र व्यवहार करने और महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान वायु सेना के अधिकारी, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), पुलिस उपायुक्त काशी जोन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित दर्शक स्थलों, पार्किंग और आवागमन मार्गों का ही उपयोग करें। प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने, ड्रोन उड़ाने और अफवाह फैलाने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असुविधा की सूचना तत्काल पुलिस को दें।