The picture of the municipality will change in Betul, a new four-storey office building will be built at a cost of Rs 2.47 crore.

बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में नगर पालिका परिषद के नए कार्यालय भवन के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। करीब 118 साल पुराने और जर्जर टाउन हाल में संचालित हो रहे नगर पालिका कार्यालय को जल्द नया भवन मिलने की उम्मीद है। पुराने भवन को डिस्मेंटल करने की अनुमति मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया के जरिए इसे हटाने की तैयारी शुरू हो गई है।

जर्जर भवन को हटाने के बाद करीब 2 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से नया नगर पालिका कार्यालय भवन बनाया जाएगा। प्रस्तावित भवन जी प्लस-3 यानी चार मंजिला होगा। प्रत्येक मंजिल का निर्माण क्षेत्र लगभग 3,000 वर्गफीट रहेगा। भवन की प्रशासकीय स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, जबकि स्ट्रक्चर ड्राइंग की मंजूरी के बाद तकनीकी स्वीकृति भी प्राप्त हो गई है।

GNSU Admission Open 2026

नए भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है। नागरिकों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन में लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव है। इससे विभिन्न शाखाओं में काम के लिए आने वाले लोगों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में आसानी होगी।

नगर पालिका का मौजूदा मुख्य कार्यालय वर्ष 1908 में बने टाउन हाल में संचालित हो रहा है। लंबे समय से भवन की जर्जर स्थिति को लेकर कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल उठते रहे हैं। इसके अलावा बढ़ते प्रशासनिक काम और कर्मचारियों की संख्या के कारण पुराने भवन में सभी शाखाओं का संचालन भी मुश्किल हो गया है।

वर्तमान में राजस्व, लोक निर्माण, जन्म-मृत्यु और जल प्रदाय जैसी कुछ शाखाएं नगर पालिका परिसर के वैकल्पिक भवन में संचालित हो रही हैं, जबकि कुछ कार्यालय शिवाजी चौक स्थित पुराने मंदिर भवन में चल रहे हैं। अलग-अलग स्थानों पर कार्यालय होने से आम नागरिकों को भी अपने काम के लिए कई जगह जाना पड़ता है।

नया भवन बनने के बाद नगर पालिका की अधिकांश शाखाओं को एक ही परिसर में व्यवस्थित करने की उम्मीद है। इससे कर्मचारियों को सुरक्षित कार्यस्थल और शहरवासियों को नगर पालिका की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने का लाभ मिल सकेगा।