Home मनोरंजन टीवीएफ की पहली मराठी फिल्म ‘बयांगी: पळायची नाही, टाळायची!’ का ऐलान

टीवीएफ की पहली मराठी फिल्म ‘बयांगी: पळायची नाही, टाळायची!’ का ऐलान

7
0
TVF's first Marathi film 'Bayangi: Don't run, don't run!' announced

मुंबई: द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने अपनी पहली मराठी फिल्म ‘बयांगी: पळायची नाही, टाळायची!’ की घोषणा की है। कोंकण की चर्चित और डरावनी लोककथाओं से प्रेरित यह फिल्म सुपरनैचुरल कॉमेडी थ्रिलर है, जिसमें हास्य, रोमांच और रहस्य का अनूठा मेल देखने को मिलेगा।


टीवीएफ मोशन पिक्चर्स द्वारा निर्मित इस फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की एक मशहूर लोककथा ‘बयांगी’ पर आधारित है। कोंकण के धुंध से घिरे गांवों में प्रचलित इस लोककथा के अनुसार, बयांगी एक अलौकिक आत्मा है, जो नारियल के भीतर कैद रहती है और अपने मालिक के लिए खुशहाली लेकर आती है। हालांकि, इसके साथ जुड़ी इच्छाओं की कीमत बेहद डरावनी होती है।
फिल्म की कहानी चार कुंवारे युवाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें संयोग से एक बयांगी मिल जाती है। शुरुआत में उन्हें लगता है कि उन्हें आलीशान जिंदगी जीने का ‘चीट कोड’ मिल गया है। उनकी हर इच्छा पूरी होने लगती है, लेकिन जल्द ही यह खुशी डरावने अनुभव में बदल जाती है।

GNSU Admission Open 2026


चारों को पता चलता है कि बयांगी की एक निश्चित अवधि होती है और तय समय के भीतर उसे वापस करना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर उसकी विनाशकारी शक्तियां बाहर आ सकती हैं। इसके बाद चारों युवा अपनी ही इच्छाओं के जाल में फंस जाते हैं और बयांगी को मात देने की कोशिश करते हैं। इस दौरान उन्हें अहसास होता है कि उनकी हर इच्छा की एक कीमत है।
फिल्म का निर्देशन अभय राउत ने किया है, जिन्होंने ‘गुल्लक’ सीजन पांच का भी निर्देशन किया है। फिल्म में अमेय वाघ, हार्दिक जोशी, मनमीत पेम और अविनाश खेडेकर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।


‘बयांगी: पळायची नाही, टाळायची!’ के जरिए टीवीएफ पहली बार मराठी सिनेमा में कदम रख रहा है। अपनी कहानी, हास्य और सुपरनैचुरल लोककथा के अनूठे मिश्रण के साथ फिल्म दर्शकों को मनोरंजन और रोमांच से भरपूर अनुभव देने का प्रयास करेगी।


टीवीएफ पिछले कई वर्षों से दर्शकों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी कहानियों को मनोरंजक अंदाज में पेश करता रहा है। वर्ष 2026 में भी उसके कई शो दर्शकों के बीच चर्चा में रहे हैं, जिनमें सोनीलिव पर ‘गुल्लक’ सीजन पांच, अमेजन प्राइम वीडियो पर ‘सपने वर्सेज एवरीवन’ सीजन दो और ‘एस्पिरेंट्स’ सीजन तीन, नेटफ्लिक्स पर ‘हेलो बच्चन’ तथा जियोहॉटस्टार पर ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ शामिल हैं।