पंचकूला: हरियाणा पुलिस ने हिसार में साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए साइबर ठगी के एक पीड़ित को 49,501 रुपये की पूरी रकम वापस दिलाई है। वहीं एक अन्य मामले में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो डालकर लोगों में दहशत फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को अदालत के आदेश के अनुसार जांच में शामिल किया गया है।
हरियाणा पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि साइबर ठगी के संबंध में साइबर क्राइम थाना हिसार में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान साइबर पुलिस की टीम ने ठगी से जुड़े बैंक खाते और लेन-देन की जानकारी जुटाकर संबंधित स्तर पर जरूरी कार्रवाई की।
पुलिस के प्रयासों के बाद ठगी की पूरी 49,501 रुपये की राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करवाई गई। यह कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक मुद्गल, आईपीएस के निर्देशन में पीएसआई सुरेंद्र सिंह ने की। मयंक मुद्गल ने कहा कि साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही हिसार पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को होल्ड करवाने और पीड़ित को वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।
एक अन्य मामले में सदर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो डालने के मामले में कार्रवाई की है। एएसआई शमशेर सिंह के मुताबिक, नयाना निवासी जोगीराम के पुत्र विकास कुमार ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ अपनी फोटो अपलोड की थी। पुलिस के अनुसार हथियार का प्रदर्शन करते हुए फोटो डालकर आम लोगों में भय और दहशत फैलाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने विकास कुमार को अदालत के आदेश के अनुसार जांच में शामिल किया है। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपराध, हथियारों के प्रदर्शन या आम लोगों में भय और दहशत फैलाने के लिए करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।







