श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार शाम श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस अधिकारी पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती को मामले की जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा है।
अनुच्छेद 370 को हटाए जाने की वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर चार अगस्त की शाम शेर-ए-कश्मीर पार्क के पास पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और पार्टी नेता इल्तिजा मुफ्ती के नेतृत्व में एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया था।
पुलिस का आरोप है कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने रेजीडेंसी रोड को जाम कर लाल चौक की तरफ बढ़ने का प्रयास किया और पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान हुई हाथापाई में इल्तिजा मुफ्ती ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी से मारपीट की और उनके हाथ पर काट लिया, जिससे अधिकारी को खून बहने की चोट आई। घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल ले जाकर इलाज करवाया गया।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने लोक सेवक पर हमले और आधिकारिक कार्य में बाधा डालने के आरोप में कोठीबाग थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इसी जांच के तहत सुश्री इल्तिजा को शुक्रवार को कोठीबाग थाने में हाजिर होने का आदेश दिया गया है।
दूसरी ओर, पीडीपी ने पुलिस के आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा कि अनुच्छेद 370 की बहाली मामले में प्रदर्शन के दौरान पुलिस के कथित हमले के बाद इल्तिजा मुफ्ती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रदर्शन के दौरान के कुछ वीडियो में इल्तिजा वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाती भी दिखाई दे रही हैं।







