ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बीटा दो थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बीटा दो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही बीटा दो थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
मृतकों की पहचान सचिन (19) पुत्र बाबू राम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम आमगांव, थाना राठ, हमीरपुर जिले का निवासी था और वर्तमान में ऐच्छर गांव, थाना बीटा-दो, ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। दूसरे मृतक की पहचान मनीष (19) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से न्यूरिया, थाना बिवांर, हमीरपुर जिले का रहने वाला था तथा वर्तमान में ओमिक्रोन क्षेत्र, थाना सूरजपुर, में निवास कर रहा था।
प्रारंभिक जानकारी पता चला कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से नवादा गोल चक्कर से डोमिनोज गोल चक्कर की ओर जा रहे थे। जब उनकी मोटरसाइकिल अवध ग्रीन कट के सामने पहुंची, तभी कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
बीटा दो थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। दोनों मृतक युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।







