Home अंतरराष्ट्रीय पठान के बाद अब रहाणे का बड़ा खुलासा, धोनी के होटल के...

पठान के बाद अब रहाणे का बड़ा खुलासा, धोनी के होटल के कमरे को लेकर कही चौंकाने वाली बात

14
0
After Pathan, now Rahane makes a big revelation, says shocking thing about Dhoni's hotel room

नयी दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अजिंक्य रहाणे ने एमएस धोनी के साथ बिताए दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि धोनी का कमरा खिलाड़ियों के लिए हमेशा खुला रहता था, लेकिन दरवाजा बंद होने पर कोई अंदर नहीं जाता था। रहाणे ने सोशल मीडिया से दूरी बनाने की अपनी आदत और उसके पीछे बेन स्टोक्स की सलाह का भी खुलासा किया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से हाल ही में संन्यास लेने वाले भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के व्यक्तित्व और ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। रहाणे ने बताया कि धोनी बेहद शांत, सरल और सभी खिलाड़ियों के लिए सहज उपलब्ध रहने वाले इंसान थे। हालांकि, उनके कमरे से जुड़ा एक ऐसा नियम था, जिसका पूरी टीम सम्मान करती थी।

रहाणे ने यह बातें ‘स्टिक टू क्रिकेट’ पॉडकास्ट में साझा कीं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत टी20, वनडे और टेस्ट तीनों प्रारूपों में एमएस धोनी की कप्तानी में की थी। इसके अलावा वह 2023 और 2024 में आईपीएल के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स में भी धोनी के साथ खेले। इससे पहले भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने धोनी के कमरे को लेकर बयान दिया था। उन्होंने टीम इंडिया से खुद को कथित तौर पर बाहर किए जाने के आरोपों पर कहा था, ‘मुझे किसी के कमरे में जाकर हुक्का सेट करने या चापलूसी करने की आदत नहीं है… यह बात सब जानते हैं।’ इस बयान से काफी विवाद हुआ था। अब रहाणे ने धोनी के कमरे को लेकर बयान दिया है।


रहाणे ने बताया कि टीम के खिलाड़ी अक्सर धोनी के कमरे में इकट्ठा होकर समय बिताते थे। कई बार पूरा दल भी वहां मौजूद रहता था। उन्होंने कहा, ‘धोनी बहुत शांत और सहज इंसान हैं। उनका कमरा लगभग हमेशा सभी के लिए खुला रहता था। कई बार 10 से 15 खिलाड़ी, बल्कि पूरी टीम भी उनके कमरे में होती थी। लेकिन जब उनका दरवाजा बंद होता था, तब किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं होती थी।’

रहाणे ने यह भी बताया कि किसी भी सीरीज के दौरान वह सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना लेते हैं। इसके लिए वह अपने फोन से सभी सोशल मीडिया ऐप्स तक हटा देते हैं ताकि उनका पूरा ध्यान क्रिकेट पर बना रहे। उन्होंने कहा, ‘सीरीज के दौरान मैं सभी सोशल मीडिया ऐप्स डिलीट कर देता हूं। यह किसी की सलाह नहीं, बल्कि मैंने खुद के लिए बनाया हुआ नियम है।’

रहाणे ने खुलासा किया कि वर्ष 2017 में आईपीएल के दौरान इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने उन्हें सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह दी थी। इसके बाद उन्होंने अपनी दिनचर्या में कई बदलाव किए। उन्होंने कहा, ‘मुझे याद है कि 2017 में आईपीएल के दौरान बेन स्टोक्स ने सोशल मीडिया नहीं देखने की सलाह दी थी। इसके बाद मैंने अपनी एक दिनचर्या बना ली। कमरे में लौटने के बाद नेटफ्लिक्स या किसी दूसरे ऐप पर कुछ देखना, किताब पढ़ना, परिवार से बात करना और अगले दिन के लिए अपने कपड़े तैयार करना मुझे मानसिक रूप से तरोताजा रखता है।’

GNSU Admission Open 2026

पिछले सप्ताह अजिंक्य रहाणे ने इंस्टाग्राम पर भावुक वीडियो साझा कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 5077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने 90 वनडे में 2962 रन और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 375 रन बनाए। रहाणे का करियर लगभग दो दशक तक भारतीय क्रिकेट की अहम पहचान रहा।