पटना: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेतृत्व वाली सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (पूर्व में ट्विटर) और जीमेल अकाउंट को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। मंत्री के आप्त सचिव रक्षित कश्यप ने पटना साइबर थाने में एक नया आवेदन देकर आरोप लगाया है कि आधिकारिक सोशल मीडिया और ईमेल अकाउंट का नियंत्रण वापस सौंपने के बदले धन की मांग की जा रही है। साथ ही, मंत्री के एक करीबी को ऑडियो संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
शिकायत में आप्त सचिव रक्षित कश्यप ने कहा गया है कि इस मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज है, लेकिन हाल में सामने आए नए तथ्यों के मद्देनजर पुलिस से अतिरिक्त धाराओं में कार्रवाई करने और पूरे प्रकरण की गहन जांच की मांग की गई है। आवेदन में दावा किया गया है कि अकाउंट का एक्सेस लौटाने के लिए कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा है और इसके एवज में रकम मांगी जा रही है। आप्त सचिव रक्षित कश्यप ने बताया कि मंत्री अशोक चौधरी ने सोशल मीडिया अकाउंट का संचालन पहले उनके तत्कालीन निजी सहायक के जिम्मे था।
तत्कालीन निजी सहायक ने पद से हटने के बाद भी उसने इन दोनों अकाउंट का नियंत्रण अपने पास रखा हुआ है। काफी कोशिशों के बावजूद आधिकारिक अकाउंट का एक्सेस वापस नहीं सौंपा गया और अब इसके लिए कथित तौर पर पैसों की मांग की जा रही है। आप्त सचिव ने आवेदन में एक और गंभीर आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मंत्री अशोक चौधरी के एक करीबी व्यक्ति को ऑडियो संदेश भेजकर गोली मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसलिए पुलिस से अपील है कि वह इस मामले को केवल साइबर अपराध तक सीमित न रखते हुए आपराधिक धमकी और रंगदारी के पहलुओं से भी जांच की जाए।







