सारण: सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिठौरी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की खातिर 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग मकान में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। वहीं, मायके वालों ने पति सहित ससुराल पक्ष के कई अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।मृतका की पहचान पिठौरी गांव निवासी लालबाबू प्रसाद की 27 वर्षीय पत्नी पूजा देवी के रूप में हुई है। मृतका का मायका पड़ोसी जलालपुर थाना क्षेत्र के सवरी जलालपुर गांव में है।
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, पूजा का अपने पति के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। पति की शराब पीने की लत इस कलह की मुख्य वजह बताई जा रही है। आए दिन दोनों के बीच मारपीट और कहासुनी की घटनाएं होती थीं। बीती रात घर के एक कमरे में पूजा का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की या उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। देर रात घटना की जानकारी मिलते ही जलालपुर थाना क्षेत्र के सवरी गांव से मायके वाले रोते-बिलखते पिठौरी गांव पहुंच गए। कमरे में बेटी का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए पूजा की हत्या करने का सीधा आरोप लगाया।इसके बाद मौके का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ता देख ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। हंगामे की सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा। इस संबंध में बनियापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मायके पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही फरार ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।







