Home राष्ट्रीय बिलासपुर को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत: 827 करोड़ रुपये की चार-लेन...

बिलासपुर को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत: 827 करोड़ रुपये की चार-लेन रिंग रोड के लिए साहू ने गडकरी से की मुलाकात

6
0
Bilaspur to get relief from traffic jams: Sahu meets Gadkari for Rs 827 crore four-lane ring road

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी से राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार रात मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिलासपुर के लिए प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड परियोजना की स्वीकृति एवं निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।


मुलाकात में श्री साहू ने बताया कि बिलासपुर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए लगभग 827.20 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित चार-लेन रिंग रोड शहर की प्रमुख आवश्यकता बन गई है। यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-130,130ए और राष्ट्रीय राजमार्ग-49 को आपस में जोड़ेगी, जिससे भारी मालवाहक वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा और आम नागरिकों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

GNSU Admission Open 2026


उन्होंने बताया कि रिंग रोड के निर्माण से औद्योगिक, व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रा समय में कमी आएगी तथा बिलासपुर के समग्र शहरी विकास को नई गति मिलेगी। श्री साहू ने श्री गडकरी को अवगत कराया कि परियोजना पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर), ट्रैफिक सर्वे तथा ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। उन्होंने इन प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कर परियोजना को जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।


केंद्रीय मंत्री गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। इस परियोजना के साकार होने पर बिलासपुर में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं आधारभूत विकास को भी नई दिशा मिलेगी।