Home राष्ट्रीय बस्तर रेजिमेंट के गठन की मांग, विजय शर्मा द्वारा राजनाथ सिंह को...

बस्तर रेजिमेंट के गठन की मांग, विजय शर्मा द्वारा राजनाथ सिंह को भेजे प्रस्ताव पर हो रही चर्चा

25
0
Demand for formation of Bastar Regiment, discussion on proposal sent by Vijay Sharma to Rajnath Singh

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के नाम पर भारतीय सेना में “बस्तर रेजिमेंट” जल्द नज़र आ सकती है ।बस्तर रेजिमेंट के गठन की मांग उठाते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र भेजकर इसकी स्थापना का अनुरोध किया है। उप मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने पत्र में कहा है कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर संभाग के जवानों ने पिछले वर्षों में नक्सल विरोधी अभियानों में अपनी वीरता, साहस और अदम्य क्षमता का परिचय दिया है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी ये जवान गुरिल्ला युद्ध की चुनौतियों से निपटने में सक्षम रहे हैं।


राज्य के गृहमंत्री और रक्षा मंत्री के बीच हुए पत्राचार की सम्पूर्ण जानकारी आज सुबह श्री शर्मा ने सोशल मीडिया पर दी। पत्र में उल्लेख किया गया है कि भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट का गठन राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास और सामाजिक स्थिरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है। इससे बस्तर क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए एक संगठित अवसर मिलेगा और क्षेत्र में अनुशासन, गौरव तथा आर्थिक प्रगति को बढ़ावा मिलेगा।

GNSU Admission Open 2026


उप मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट की स्थापना पर विचार करने का आग्रह किया है। वहीं, रक्षा मंत्री कार्यालय की ओर से विगत नौ जुलाई को भेजे गए पत्र में उप मुख्यमंत्री के 26 जून 2026 के पत्र का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि इस मामले की जांच कराई जा रही है।