चमोली/टिहरी/रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी वर्षा और चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर हुए भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार से चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। यह निर्णय गढ़वाल मंडल आयुक्त द्वारा लिया गया है।
गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि लगातार बारिश के कारण चारधाम यात्रा मार्ग के कई हिस्सों में भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। वहीं मौसम विभाग ने भी आगामी समय के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज और कल के लिए चारधाम यात्रा पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह मौसम और मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी प्राप्त किए बिना यात्रा के लिए प्रस्थान न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद चारधाम यात्रा पुनः प्रारंभ कर दी जाएगी।







