संतकबीरनगर: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कुर्थिया चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और घर के बाहर चारपाई पर बैठे बुजुर्ग दंपति तथा उनके दो मासूम नातियों को रौंदते हुए गड्ढे में जा गिरा।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह लालजी (62) पुत्र गनपत और उनकी पत्नी ज्ञानमती (60) अपने घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। उनके साथ 12 वर्षीय नाती आदर्श, पुत्र अनिल कुमार, तथा छह वर्षीय सत्यम, पुत्र राजेश कुमार, भी मौजूद थे। इसी दौरान खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और चारपाई पर बैठे चारों लोगों को कुचल दिया।
उन्होंने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि किसी को संभलने का अवसर नहीं मिला। ट्रक चारों को रौंदते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना में लालजी, ज्ञानमती, आदर्श और सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे तथा कांटे चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक के नीचे फंसे शवों को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
एएसपी श्री सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक को संभवतः नींद आने के कारण वाहन से नियंत्रण खोना पड़ा, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।







