अलवर: राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले में पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने किशनगढ़बास थाना स्टाफ के खिलाफ लगातार मिल रहीं गंभीर शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन में भेज दिया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि थाना प्रभारी बनवारी मीणा को तत्काल प्रभाव से भिवाड़ी पुलिस लाइन भेज दिया गया है। वहीं सहायक उप निरीक्षक सद्दीक और कृष्ण को भिवाड़ी लाइन भेजा गया है। इसके अलावा कांस्टेबल घनश्याम और धन सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ साइबर अपराध सहित कई मामलों में मिलीभगत और अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए श्री उपाध्याय ने यह बड़ी कार्रवाई की।
इस मामले में जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहीं भी अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की विस्तृत जांच तिजारा के सीओ शिवराज सिंह को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कार्रवाई की जा सकती है।







