सक्ती: छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के हसौद थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने कथित रूप से कल रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, हसौद थाना में पदस्थ आरक्षक जय लहरें का शव थाना भवन की ऊपरी मंजिल में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आरक्षक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र , हसौद ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।







