Home बिहार बिहार बंद को लेकर रोहतास में हाई अलर्ट, ड्रोन और सीसीटीवी से...

बिहार बंद को लेकर रोहतास में हाई अलर्ट, ड्रोन और सीसीटीवी से रखी जा रही नजर

19
0
Rohtas on high alert for Bihar bandh, drones and CCTV surveillance underway

सासाराम (रोहतास): राज्यव्यापी बंद और विरोध-प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए रोहतास जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सासाराम समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक दलों और भीम आर्मी की ओर से धरना-प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाले जाने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने संयुक्त रूप से जिले की विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने जिलेवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है।.एसपी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन किसी भी व्यक्ति को उपद्रव करने या आम जनजीवन को बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

GNSU Admission Open 2026

कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने जिलेवासियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रोहतास के लोग शिक्षित और समझदार हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि जिले के नागरिक ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे, जिससे शहर और जिले की छवि खराब हो।


प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक खबर, अफवाह या भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी तैयार रखा गया है।