तिरुवनंतपुरम: केरल पुलिस ने राज्य भर में छह दिन चले एक विशेष अभियान के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 2,936 चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और 662 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की है। केरल पुलिस के यातायात और रोड सुरक्षा प्रबंधन इकाई द्वारा 8 से 13 जुलाई तक चलाए गए “ड्राइव सोबर – स्टे अलाइव” अभियान के तहत अधिकारियों ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों का पता लगाने और इसके खतरनाक नतीजों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए राज्य भर में 67,979 गाड़ियों की जांच की। पुलिस ने कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाना सड़क दुर्घटनाओं और मौतों का एक बड़ा कारण है, जिससे न केवल नियम तोड़ने वाले बल्कि यात्री और सड़क का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोग भी खतरे में पड़ते हैं। इस खतरनाक आदत को रोकने के लिए कैंपेन में सख्ती और जन-जागरूकता दोनों का सहारा लिया गया।
इस विशेष अभियान के बाद, राजमार्ग गश्तीदल की इकाई को निर्देश दिया गया है कि वे सघन जांच जारी रखें और बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
यह अभियान यातायात और सड़क सुरक्षा प्रबंधन के महानिरीक्षक के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें यातायात क्षेत्र के क्षेत्रीय अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक ने अभियान की निगरानी की और जिला यातायात नोडल अधिकारियों और यातायात प्रवर्तन इकाइयों ने पूरे राज्य में कार्रवाई का समन्वय किया।
केरल पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे “शुभयात्रा” रोड सेफ्टी पहल के माध्यम से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की रिपोर्ट करें। इसके लिए वे 97470 01099 पर व्हाट्सएप के जरिए फोटो, ऑडियो या वीडियो सबूत भेज सकते हैं, साथ ही जिला, स्थान, तारीख, समय और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर जैसी जानकारी भी दें।







