
रायपुर: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार रात विधानसभा परिसर में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट संसदीय कार्य के लिए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं प्रिंट मीडिया में दैनिक पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकारिता सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और स्वस्थ संसदीय परंपराओं का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विधानसभा लोकसेवा का केंद्र है और इसकी गरिमा जनप्रतिनिधियों के आचरण, व्यवहार एवं विचारों से बनी रहती है। उन्होंने पक्ष और प्रतिपक्ष के बीच समन्वय और सौहार्द की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विधानसभा प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्पों को साकार करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की पहली और एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में प्रवेश करते ही विधायक स्वतः निलंबित हो जाते हैं। यह व्यवस्था संसदीय मर्यादा, आत्मानुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संसदीय पत्रकार जनता तक विधानसभा की कार्यवाही और जनहित के मुद्दों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सम्मानित पत्रकारों और विधायकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका योगदान लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाता है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन के बाद प्रेक्षागृह का लोकार्पण विधानसभा के विकास की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने उत्कृष्ट संसदीय परंपराएं स्थापित कर लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि पक्ष और प्रतिपक्ष राजनीतिक मतभेदों के बावजूद प्रदेशहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करते हैं, जो स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है।
समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में भजन गायक अनूप जलोटा ने भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधायकगण, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।






