एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्ममेकर इम्तियाज अली इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। हालांकि फिल्म की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर धीमी रही, लेकिन दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जिससे फिल्म ने अपनी मजबूत पकड़ बना ली है।
फिल्म को मिल रहे इस प्यार से इम्तियाज अली काफी भावुक नजर आए। एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने इंडस्ट्री से मिले समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर बेहद खुशी होती है कि लोग उनकी फिल्म में अपनी कहानियां ढूंढ रहे हैं और दूसरों को भी सिनेमाघरों में जाकर इसे देखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इम्तियाज ने बताया कि कई बड़े फिल्मी हस्तियां व्यक्तिगत रूप से उनसे संपर्क कर फिल्म की तारीफ कर रही हैं। उन्होंने साझा किया कि कुछ दिग्गज कलाकार उन्हें फोन कर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के बारे में पूछ रहे हैं, जबकि अन्य वीडियो भेजकर थिएटरों की भीड़ और हाउसफुल शो की जानकारी दे रहे हैं। इस तरह का समर्थन उनके लिए बेहद खास और भावुक करने वाला है।
उन्होंने फिल्म के गाने ‘तेरे पास में’ के लिए आयुष्मान खुराना की खास तौर पर सराहना की और कहा कि उनकी आवाज ने गाने को और भी भावनात्मक बना दिया। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि इंडस्ट्री के कई लोग, जिनमें युवा कलाकार भी शामिल हैं, फिल्म को खुलकर प्रमोट कर रहे हैं, जो उनके लिए गर्व की बात है।
‘मैं वापस आऊंगा’ एक पार्टिशन पर आधारित लव स्टोरी है, जिसमें वेदांग रैना और शरवरी मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। इसके अलावा फिल्म में कई अनुभवी कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं। नई फिल्मों से टक्कर के बावजूद फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर लगातार मजबूत होता जा रहा है।







