एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म ‘तुम्बाड’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब इसके दूसरे भाग ‘तुम्बाड 2’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 2018 में रिलीज हुई ‘तुम्बाड’ अपने अनोखे विजुअल्स, डरावने माहौल और खासकर बारिश में फिल्माए गए सीन के लिए काफी चर्चित रही थी। लगातार होती बारिश, कीचड़ और रहस्यमयी वातावरण ने फिल्म को एक अलग पहचान दी थी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
अब मेकर्स ‘तुम्बाड 2’ में भी उसी जादू को दोहराने की कोशिश में जुटे हैं। सूत्रों के अनुसार, फिल्म की टीम इस बार भी बारिश के सीन को पूरी तरह वास्तविक बनाने के लिए खास रणनीति पर काम कर रही है। आर्टिफिशियल रेन का सहारा लेने के बजाय मेकर्स ने असली बारिश में शूटिंग करने का फैसला किया है, ताकि फिल्म का नैचुरल और रियलिस्टिक फील बरकरार रहे।
बताया जा रहा है कि प्रोडक्शन टीम लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए है और उन्हीं लोकेशनों का चयन कर रही है, जहां भारी बारिश हो रही है। इसके लिए महाराष्ट्र के दूरदराज इलाकों में टीम पहुंच चुकी है और उपयुक्त जगहों की तलाश जारी है। हालांकि, इन लोकेशनों तक पहुंचना आसान नहीं है। कई बार कलाकारों और क्रू मेंबर्स को घने जंगलों और कठिन रास्तों से होकर 2 से 3 घंटे तक पैदल सफर करना पड़ सकता है।
मेकर्स का यह भी मानना है कि पानी के सीमित संसाधनों को देखते हुए आर्टिफिशियल रेन का इस्तेमाल न करना एक जिम्मेदार फैसला है। साथ ही इससे फिल्म में दिखने वाला वातावरण भी अधिक प्रामाणिक लगेगा।
फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहना है कि ‘तुम्बाड’ की तरह ही इसके दूसरे भाग में भी बारिश सिर्फ एक बैकग्राउंड नहीं, बल्कि कहानी का अहम हिस्सा होगी। मेकर्स चाहते हैं कि ‘तुम्बाड 2’ में भी दर्शकों को वही रहस्यमयी और सिहरन पैदा करने वाला अनुभव मिले, जिसने पहली फिल्म को खास बनाया था।







