रोहतास: रोहतास जिले से बुधवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के करगहर थाना क्षेत्र के बाउर गांव में दो सगे भाई-बहन की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों मासूम बच्चे बाउर गांव निवासी अनिल बैठा के पुत्र-पुत्री बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान आठ वर्षीय सीटू कुमार और दस वर्षीय दिव्या कुमारी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार को अनिल बैठा किसी काम से घर से बाहर गए थे।
इसी बीच दोनों बच्चे घर में अकेले होने के कारण बाहर निकल गए। दोपहर में जब अनिल बैठा घर लौटे तो दोनों को घर में नहीं पाकर परेशान हो उठे। उन्होंने पूरे गांव और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। खोजबीन के दौरान बुधवार शाम कुछ ग्रामीण गांव के किनारे स्थित तालाब की ओर गए, तो उनकी नजर दो हवाई चप्पलों पर पड़ी। ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए तत्काल इसकी सूचना गांव वालों को दी।
इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले और मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया तथा आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। तालाब से दोनों मासूम बच्चों के शव निकलते ही हर किसी की आंखें नम हो गईं। पिता अनिल बैठा बार-बार अपने बच्चों के शवों से लिपटकर रो रहे थे। घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भी शोक की लहर दौड़ गई।







