Home बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा का दूसरा चरण शुरू, 22 केंद्रों पर कड़ी निगरानी

सिपाही भर्ती परीक्षा का दूसरा चरण शुरू, 22 केंद्रों पर कड़ी निगरानी

19
0
Second phase of constable recruitment exam begins; strict surveillance at 22 centers.

मुजफ्फरपुर: केंद्रीय चयन परिषद द्वारा आज बुधवार को बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है। आपको बता दें कि इस परीक्षा के माध्यम से मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल तथा चलंत दस्ता सिपाही के पदों पर भर्ती की जाएगी। परीक्षा का यह चरण बीते शनिवार, 14 जून से शुरू हुआ था और आज 17 जून को भी आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए मुजफ्फरपुर जिले में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इसे लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बिहार पुलिस के जवानों के अलावा निजी सुरक्षा एजेंसियों के सैकड़ों गार्ड तैनात किए गए हैं। वहीं, परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पहले से ही कर रखी हैं।

सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या परेशानी न हो, इसके लिए जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारियों और कर्मियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा हॉल तक अभ्यर्थियों की सघन जांच करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रथम पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, दूसरी पाली के परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया है।

GNSU Admission Open 2026

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। परीक्षा केंद्र में केवल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और पेन ले जाने की अनुमति है। परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग की जा रही है। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा परीक्षा की सतत और प्रभावी निगरानी के लिए एक नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है, जहां से पूरे आयोजन पर लगातार नजर रखी जा रही है।