Home बिहार वोटरों को लुभाने की कोशिश नाकाम, शराब संग धराया

वोटरों को लुभाने की कोशिश नाकाम, शराब संग धराया

23
0
Attempt to woo voters fails; caught with liquor.

बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिले के मझौलिया प्रखंड की बखरिया पंचायत में पैक्स चुनाव से ठीक पहले शराब वितरण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से शराब भी बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार बखरिया पंचायत में बुधवार को पैक्स चुनाव होना है। चुनाव से एक दिन पहले मंगलवार रात गांव में शराब बांटे जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने मझौलिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी कर अनिल सिंह नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से शराब के कई पैकेट बरामद किए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसके वितरण में अन्य लोगों की क्या भूमिका थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव से पहले शराब बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते पुलिस को सूचना नहीं दी जाती तो आरोपी आसानी से अपने मंसूबों में सफल हो सकता था।

GNSU Admission Open 2026

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस घटना ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका मानना है कि चुनाव जैसे संवेदनशील समय में पुलिस को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। मझौलिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।