पूर्णिया: पूर्णिया जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। मधुबनी थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक सैलून संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि अपराधी युवक का मोबाइल छीनने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने फायरिंग कर दी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना मंगलवार देर रात डीएवी चौक स्थित सौंदर्य विहार के पास हुई। घायल की पहचान चूनापुर निवासी धनीराम ठाकुर के 35 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। मुकेश इलाके में सैलून की दुकान चलाते हैं। घायल मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात में अपनी दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहा था।
डीएवी चौक से कुछ दूरी पर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली मुकेश की बाईं जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच बदमाश मोबाइल लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल मुकेश को तत्काल पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया।
अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मधुबनी थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। देर रात व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







