Home बिहार पेट दर्द से पहुंची महिला की मौत, जांच की मांग

पेट दर्द से पहुंची महिला की मौत, जांच की मांग

34
0
Woman dies after being admitted for stomach pain; inquiry demanded.

सारण: सारण जिले के मकेर प्रखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के समीप स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान शनिवार की सुबह एक महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने नर्सिंग होम के चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों पर बिना जांच इंजेक्शन देने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए चिकित्सक के फरार होने की बात कही है। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया है। मृतका की पहचान दरियापुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के मोहम्मदपुर टोला निवासी काशी महतो की पत्नी शिवज्योति देवी के रूप में हुई है।

इस संबंध में मृतका के पुत्र राजू कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम उनकी मां के पेट में अचानक दर्द शुरू हुआ। अपने दोस्त कर्ण कुमार से बात करने पर कर्ण ने डॉ. मंटू से बात कराकर मकेर स्थित सरकारी अस्पताल के समीप संचालित मां पार्वती निजी नर्सिंग होम में ले जाने की सलाह दी। राजू ने आगे बताया कि देर शाम जब वे अपनी मां को लेकर नर्सिंग होम पहुंचे तो सबसे पहले तीन हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद जांच की बात कही गई। उनका आरोप है कि बिना किसी जांच के ही महिला को कई इंजेक्शन लगाए गए। कुछ देर बाद महिला की स्थिति बिगड़ने लगी। राजू के अनुसार देर रात नर्सिंग होम के चिकित्सकों ने कहा कि मरीज को पटना ले जाना पड़ेगा क्योंकि उसकी हालत गंभीर हो रही है। उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम के पास एक एंबुलेंस भी आ गई थी और स्टाफ जल्दबाजी करने लगा था।

GNSU Admission Open 2026

जब वे लोग मरीज को उठाने लगे तो उसकी सांसें रुक गईं। राजू कुमार का आरोप है कि महिला की मौत के बाद जब परिजनों ने शोर मचाया तो नर्सिंग होम का पूरा स्टाफ और चिकित्सक वहां से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। घटना के समय मृतका की पुत्री लिलावती देवी, बहू रीता देवी सहित गांव के कई लोग मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि मरीज का बिना जांच किए ही कई इंजेक्शन दे दिए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, इस संबंध में थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।