Home बिहार बिहार में बड़ी चोरी, किन्नर की गाड़ी से लाखों गायब

बिहार में बड़ी चोरी, किन्नर की गाड़ी से लाखों गायब

45
0
Major theft in Bihar; lakhs missing from a transgender person's vehicle.

वैशाली: वैशाली जिले के हाजीपुर स्टेशन रोड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट और पेट्रोल पंप के बीच अज्ञात बदमाशों ने एक बड़ी साजिश के तहत एक किन्नर की चलती महिंद्रा XUV-700 गाड़ी को निशाना बनाया। शातिरों ने गाड़ी में सवार महिला को झांसा देकर गाड़ी में रखा बैग उड़ा लिया, जिसमें करीब 700 ग्राम सोने के आभूषण, 800 ग्राम चांदी और 8,75,000 रुपये नकद शामिल थे। घटना को लेकर महुआ की रहने वाली पीड़िता किन्नर सपना कुमारी ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता सपना कुमारी द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 12 जून 2026 की रात करीब 8:25 से 8:30 बजे के बीच की है।

पीड़िता अपने ड्राइवर सौरभ कुमार के साथ XUV-700 (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01JK2454) से हाजीपुर से महुआ जा रही थीं। इसी दौरान स्टेशन रोड पर रेल कोच रेस्टोरेंट के सामने एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी चलती गाड़ी के रेडिएटर के पास कोई संदिग्ध केमिकल फेंक दिया। गाड़ी जैसे ही करीब 10 मीटर आगे बढ़ी, एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने इशारा कर गाड़ी से धुआं निकलने की बात कही। इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी। शिकायत के मुताबिक, धुआं निकलने की बात सुनकर जब पीड़िता और ड्राइवर गाड़ी से नीचे उतरे तो उन्हें गाड़ी के अंदर दम घुटने जैसा महसूस होने लगा। इस पर वे गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर उसका बोनट खोलकर जांच करने लगे। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर बदमाशों ने गाड़ी की बीच वाली सीट पर रखा गहनों और रुपयों से भरा बैग चुरा लिया और मौके से फरार हो गए।

GNSU Admission Open 2026

पीड़िता को चोरी का अहसास तब हुआ जब वह गाड़ी ठीक कर आगे बढ़ीं और रामआशीष चौक स्थित दिग्गी ओवरब्रिज के पास पहुंचीं। जब उन्होंने बीच वाली सीट पर देखा तो बैग गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी जब बैग नहीं मिला, तो पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। बताया गया कि बैग में कुल 700 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनमें 4 सोने की चेन, 3 सोने की अंगूठियां, 3 जोड़ी सोने के झुमके, 1 सोने का लॉकेट, 1 सोने का बिस्किट और 8 सोने की कंगनियां शामिल थीं। बैग में 800 ग्राम चांदी की पायल एवं अन्य चांदी के सामान के अलावा 8,75,000 रुपये नकद भी रखे थे। चोरी के बाद पीड़िता को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता ने सदर थाना प्रभारी से मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और चोरी गया सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस इस घटना को सोची-समझी साजिश मानकर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।