पटना: अगर आप भी वीकेंड पर परिवार या दोस्तों के साथ कुछ अलग और मजेदार करने की सोच रहे हैं, तो पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान आपका इंतजार कर रहा है। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की एक शानदार पहल के तहत अब हर शनिवार और रविवार को गांधी मैदान में खुले आसमान के नीचे ओपन एयर सिनेमा का रोमांच बिखेरा जा रहा है। गांधी मैदान के गेट संख्या-4 के पास एक मेगा स्क्रीन लगाई गई है। इस विशालकाय मेगा स्क्रीन पर हर वीकेंड शाम 6 बजे से बेहतरीन फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। लगभग 70 फीट लंबी और 40 फीट चौड़ी इस विशाल स्क्रीन को शहर की प्रमुख आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं में गिना जा रहा है। यहाँ बड़ी संख्या में शहरवासी एक साथ बैठकर सिनेमा हॉल जैसा अनुभव, वो भी बिल्कुल मुफ्त और खुले माहौल में ले रहे हैं। आम जनता के लिए यह शो पूरी तरह निःशुल्क है।
सिनेमा प्रेमियों के लिए आने वाला वीकेंड बेहद खास होने वाला है। आगामी 13 जून यानी शनिवार को पुष्पा-1 और 14 जून यानी रविवार को पुष्पा-2 दिखाई जाएगी। यानी अल्लू अर्जुन के फैंस को खुले आसमान के नीचे मनोरंजन का डबल डोज मिलने वाला है। इस संबंध में पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों का कहना है कि इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, परिवारों और दोस्तों को एक साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने के लिए एक सुरक्षित और मनोरंजक मंच प्रदान करना है। भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच यह ओपन-थिएटर लोगों के लिए सुकून और मनोरंजन का एक बेहतरीन जरिया बन रहा है।







