Home खेल अफगानिस्तान सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, कोहली के बाद...

अफगानिस्तान सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, कोहली के बाद हार्दिक पांड्या भी बाहर

40
0
अफगानिस्तान सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, कोहली के बाद हार्दिक पांड्या भी बाहर

भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ताजा चोट के कारण तीन मैचों की पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। पांड्या को बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में फिटनेस आकलन के दौरान क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में खिंचाव आ गया। हार्दिक हाल ही में आईपीएल के दौरान लगी पीठ की ऐंठन (बैक स्पाज्म) से उबर रहे थे। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने मंगलवार को बताया था कि रोहित शर्मा के साथ-साथ हार्दिक को सीओई ने खेलने की मंजूरी दे दी है, लेकिन अब यह बात सामने आ रही है कि फिटनेस टेस्ट के दौरान नई चोट सामने आने से उनकी वापसी टल गई। जानकारी के मुताबिक, हार्दिक ने फिटनेस आकलन के दौरान पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की थी। हालांकि, इसी दौरान उनकी क्वाड्रिसेप्स मांसपेशी में खिंचाव आ गया। बताया जा रहा है कि यह चोट इतनी गंभीर है कि उन्हें कम से कम तीन सप्ताह तक रिहैब प्रक्रिया से गुजरना होगा। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, ‘रिकवरी के लिए लगभग तीन सप्ताह का समय चाहिए।

ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके खेलने की कोई संभावना नहीं है क्योंकि तब तक उनका रिहैब पूरा नहीं हो पाएगा।’ हालांकि, अब यह सामने आने के बाद सवाल खड़े हो रहे हैं। फैंस का कहना है कि जब उन्हें मंगलवार को फिटनेस क्लीयरेंस दी गई, फिर कैसे एक दिन बाद यह बात सामने आई कि वह अब सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और नई चोटि उजागर हुई। सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि टीम के भीतर कुछ पक रहा है। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जून से धर्मशाला में शुरू होगी। इसके बाद दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। हार्दिक के बाहर होने से टीम इंडिया के संतुलन पर असर पड़ सकता है क्योंकि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पांड्या को हाल ही में भारतीय टी20 टीम से आराम दिया गया था ताकि वह वनडे क्रिकेट पर अधिक ध्यान दे सकें। चयन समिति और टीम प्रबंधन की नजर 2027 वनडे विश्व कप पर है और हार्दिक को उस योजना का अहम हिस्सा माना जा रहा है। 2023 वनडे विश्व कप के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ मैच में लगी टखने की चोट के बाद टीम इंडिया को संतुलन बनाने में काफी परेशानी हुई थी।

GNSU Admission Open 2026

यही कारण है कि टीम प्रबंधन हार्दिक की फिटनेस को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने पिछले सप्ताह हार्दिक की भूमिका पर बात करते हुए कहा था कि टीम का मुख्य उद्देश्य उन्हें वनडे क्रिकेट के लिए पूरी तरह फिट रखना है। अगरकर ने कहा था, ‘वह इस समय अफगानिस्तान सीरीज के लिए वनडे टीम का हिस्सा हैं। जसप्रीत बुमराह की तरह अगर हम हार्दिक को फिट रख सकें और वनडे क्रिकेट में नियमित रूप से खेला सकें तो यही हमारी प्राथमिकता है।’ उन्होंने आगे कहा था, ‘उन्हें टी20 टीम से बाहर रखना रोटेशन और वर्कलोड मैनेजमेंट का हिस्सा है। जरूरत पड़ने पर हम उन्हें दोबारा टी20 टीम में शामिल कर सकते हैं। हार्दिक के लिए चिंता की बात यह है कि अफगानिस्तान सीरीज के बाद अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ भी तीन वनडे मैच खेले जाने हैं। भारतीय टीम और बीसीसीआई उम्मीद करेंगे कि वह समय पर फिट होकर वापसी करें, क्योंकि आगामी बड़े टूर्नामेंटों को देखते हुए उनका पूरी तरह फिट रहना टीम की प्राथमिकताओं में शामिल है। भारतीय टीम के लिए यह झटका जरूर है, लेकिन टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम लेने के बजाय हार्दिक को पूरी तरह फिट होने का समय देना चाहता है।