Home बिहार देवघर से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा, मां-बेटे की मौत

देवघर से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा, मां-बेटे की मौ\त

44
0
Tragic accident while returning from Deoghar; mother and son killed.

पटना: पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर महाविहार होटल के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले निवासी उपेंद्र सिंह और फूलमती देवी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में मां और बेटा बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, कुशीनगर का यह परिवार झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान बख्तियारपुर फोरलेन पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन बच्चों समेत कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बख्तियारपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को बेहतर इलाज के लिए एनएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया।

GNSU Admission Open 2026

वहीं, दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेजा गया है। घायल निक्की देवी ने बताया कि पूरा परिवार देवघर से दर्शन कर वापस घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक यह हादसा हो गया, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि बोलेरो सवार परिवार उत्तर प्रदेश के कुशीनगर का रहने वाला है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।