Home राष्ट्रीय मोदी पर खरगे बयान को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गर्म, भाजपा ने...

मोदी पर खरगे बयान को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गर्म, भाजपा ने बताया देश का अपमान

151
0
Kharge's statement on Modi sparks political tension in Chhattisgarh, BJP calls it an insult to the country

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर छत्तीसगढ़ में सियासत गर्म हो गयी है। भारतीय जनता पार्टी ने श्री खरगे के बयान को प्रधानमंत्री पद की गरिमा और देश की जनता का अपमान बताते हुए कड़ी आलोचना की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग देश की गरिमा पर सीधा आघात है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस परिवारवाद, घमंड और तुष्टिकरण की राजनीति से ग्रसित है और जब वह विकास एवं जनहित के मुद्दों पर जवाब देने में असफल होती है, तब इस तरह की भाषा का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि यह आलोचना नहीं, बल्कि राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाने वाली भाषा है और इससे कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच तथा हताशा उजागर होती है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार विपक्ष की भावना के विपरीत बताया। वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्री खरगे के बयान की निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की भाषा स्तरहीन, अपमानजनक, अमर्यादित और अशिष्ट है।

GNSU Admission Open 2026

उन्होंने कहा कि यह न केवल प्रधानमंत्री पद की गरिमा का अपमान है, बल्कि उन करोड़ों नागरिकों के विश्वास का भी अनादर है, जिन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपना नेतृत्व चुना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह प्रतिक्रिया उसकी राजनीतिक हताशा का संकेत है और ऐसे बयानों की जितनी भर्त्सना की जाए, वह कम है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग की है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन भाषा की मर्यादा और संवैधानिक पदों का सम्मान हर परिस्थिति में बनाए रखना आवश्यक है।