पटना। राजधानी में बढ़ते अपराध के बीच पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी लूटकांड में शामिल आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में आरोपी दिलीप कुमार के पैर में गोली लगी है। घटना की पुष्टि एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने की है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में रामकृष्ण नगर इलाके के एक ज्वेलरी शॉप में करीब 20 लाख रुपये की लूट की घटना सामने आई थी। इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। जांच के दौरान पुलिस को उदित नामक व्यक्ति के जरिए अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर दिलीप कुमार और उसके साथी रोहन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, दिलीप कुमार ही वह आरोपी है जिसने लूट के दौरान दुकान मालिक के साथ मारपीट की थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेउर स्थित कृषि फार्म में पहुंचे थे, जहां उन्होंने लूटे गए गहनों का बंटवारा किया और हथियार छिपा दिए। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस जब दिलीप को लेकर हथियार बरामद करने के लिए कृषि फार्म पहुंची, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलीप के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। इस कार्रवाई को राजधानी में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।







