पटना। बिहार में बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में उष्ण लहर (हीट वेव) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर और बक्सर जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इन इलाकों में अगले दो दिनों तक गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनने, सिर ढककर रखने और बाहर जाते समय छाता या कपड़े का उपयोग करने की अपील की गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य में अधिकतम तापमान 33.7 से 43.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रोहतास जिले के डेहरी में सबसे अधिक 43.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
वहीं न्यूनतम तापमान 21.8 से 30.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें सीवान के जीरादेई में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रह सकता है, जो सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक होगा। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के कारण गर्मी का असर और ज्यादा महसूस किया जा रहा है।इधर, बढ़ती गर्मी को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर कक्षा 5 तक के स्कूल सुबह 11:30 बजे तक और कक्षा 8 तक के स्कूल 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह आदेश बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।







