Home बिहार GNM छात्राओं के लिए नया नियम: पढ़ाई के दौरान शादी पर रोक,...

GNM छात्राओं के लिए नया नियम: पढ़ाई के दौरान शादी पर रोक, जानें क्या है पूरा मामला

213
0
GNM छात्राओं के लिए नया नियम: पढ़ाई के दौरान शादी पर रोक, जानें क्या है पूरा मामला

गोपालगंज। बिहार के Gopalganj जिले के हथुआ स्थित जीएनएम स्कूल में छात्राओं के लिए लागू एक सख्त नियम इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। संस्थान प्रशासन ने पढ़ाई के दौरान शादी करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में स्कूल परिसर में नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है, जिसके बाद छात्राओं के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। जारी निर्देश के अनुसार, यदि कोई छात्रा जीएनएम कोर्स के दौरान विवाह करती है, तो उसका नामांकन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा। यह नियम अनुमंडलीय अस्पताल हथुआ परिसर में संचालित जीएनएम स्कूल की सभी छात्राओं पर लागू होगा। इस फैसले ने छात्राओं और अभिभावकों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल की प्राचार्या Mansi Singh ने बताया कि यह निर्णय व्यक्तिगत नहीं बल्कि विभागीय निर्देशों के तहत लिया गया है। उन्होंने कहा कि नामांकन के समय ही छात्राओं से एक घोषणा पत्र भरवाया जाता है, जिसमें यह शर्त होती है कि वे तीन वर्ष की पढ़ाई पूरी होने तक शादी नहीं करेंगी। प्राचार्या के अनुसार, नर्सिंग पाठ्यक्रम आवासीय प्रकृति का होता है, जिसमें छात्राओं को हॉस्टल में रहकर प्रशिक्षण लेना पड़ता है। ऐसे में विवाह होने पर उनकी पढ़ाई और प्रशिक्षण प्रभावित हो सकता है। इसी कारण यह नियम लंबे समय से लागू है और इसका पालन अनिवार्य है।बताया जा रहा है कि यह प्रतिबंध केवल जीएनएम तक सीमित नहीं है, बल्कि एएनएम जैसे अन्य नर्सिंग पाठ्यक्रमों में भी लागू है। हालांकि, इस नियम को लेकर छात्राओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ इसे अनुशासन और पढ़ाई के हित में आवश्यक मान रही हैं, तो कुछ इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता में हस्तक्षेप बता रही हैं। फिलहाल, यह मुद्दा क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

GNSU Admission Open 2026