Home बिहार बिहार: ‘बेटियों के साथ दरिंदगी’ पर रोहिणी आचार्य का हमला, नीतीश कुमार...

बिहार: ‘बेटियों के साथ दरिंदगी’ पर रोहिणी आचार्य का हमला, नीतीश कुमार सरकार पर साधा निशाना

203
0
Bihar: Rohini Acharya attacks Nitish Kumar government over 'brutality against daughters'

पटना: बिहार में बेटियों के साथ हो रहे बलात्कार की घटना पर रोहिणी आचार्य ने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ अन्याय हो रहा है लेकिन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कोई दिन ऐसा बीतता है जब बिहार में बलात्कार की घटना न घटती हो। मगर बिहार के मौजूदा हुक्मरानों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मां-बहनों और मासूम बेटियों की चीख व पीड़ा न तो जड़ हो चुके सूबे के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और आला अधिकारियों को सुनाई देती है, और न ही दिखाई देती है। रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि बलात्कार के मामलों पर इनमें से कोई कुछ बोलता भी नहीं।

सबकी जुबान पर जैसे ताला लग जाता है। बलात्कार के मामलों में हुई अप्रत्याशित बढ़ोतरी से पूरे देश और दुनिया में बिहार की छवि धूमिल हो चुकी है। फिर भी “कानून का राज है, महिलाएं और बेटियां सुरक्षित हैं”,ऐसा झूठा ढोल बड़ी बेशर्मी से लगातार पीटा जा रहा है।रोहिणी आचार्य ने कहा कि संवेदनहीन हो चुकी सरकार के शासन में बलात्कार पीड़िताओं को न्याय मिलना तो दूर, उल्टे पीड़ित परिवारों को ही जाँच-पड़ताल और अनुसंधान के नाम पर प्रताड़ित किया जाता है। सत्ता के निर्देश पर मामलों की लीपापोती के लिए पूरा सरकारी तंत्र सक्रिय हो जाता है।शुक्रवार की रात पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की गई थी। बच्ची की हालत गंभीर है। उसे पटना के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोप है कि बच्ची के चाचा ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ हैवानियत की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे की तलाश में छापेमारी जारी है।






GNSU Admission Open 2026