डीजे पर पूर्ण रूप से रहेगा प्रतिबंध
डेहरी (रोहतास)। नगर परिषद, डेहरी के सभागार में जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में आगामी ईद-उल-फितर, चैती छठव्रत एवं रामनवमी के अवसर पर शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, रोहतास, अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी एवं सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, धार्मिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सभी उपस्थित जनों से सुझाव प्राप्त करने के उपरांत जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा के दौरान जिन-जिन स्थानों पर यदि बैरीकेंटिंग की आवश्यकता हो तो उन स्थानों को चिन्हित करते हुए उन क्षेत्रों का बैरीकेटिंग करवाना सुनिश्चित करेंगें, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या जुलूश के समय नहीं हो सके। वही अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेहरी को निदेश दिया गया कि अतिसंवेदनशील स्थलों का चयन कर उन सभी स्थलों पर नियंत्रण कक्षों को खोलते हुए विधि-व्यवस्था का संधारण सुचारु रुप से करना सुनिश्चि करेंगें। अनुमंडलीय चिकित्सा पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि व रामनवमी त्योहार के अवसर पर शोभा यात्रा जुलूश के अवसर पर एक चिकित्सकीय दल, जीवन उपायोगी सभी दवाओं के साथ एम्बुलेंस की उपलब्धता को सुनिश्चित करेंगें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस सहायता प्राप्त करने की अपील की गई। इसके अलावा किसी भी परिस्थिति में जुलुश हेतु अनुज्ञप्ति निर्गत करते समय सभी संबंधित पदाधिकारियों के द्वारा अनुज्ञप्ति से संबंधित सभी शर्तों का अनुपालन कराना जाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
ईदगाह, मस्जिद, छठ घाट एवं जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं स्ट्रीट लाइट की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। एसपी रौशन कुमार ने कहा कि कोई भी सूचना पुलिस हेल्पलाईन पर देना सुनिश्चित किया जाय ताकि उसके आलोक में त्वरित कार्रवाई की जा सके। साथ ही उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अनुरोध किया कि शहर में अमन-चमन की स्थिति बनाये रखने के लिये अपने-अपने मुहल्लों में अभिभावकों के साथ बैठक करना सुनिश्चित करते हुये अभिभावकों एवं बच्चों को निदेशित किया जाय कि वे किसी प्रकार की असामाजिक तत्वों के साथ बाहर नहीं निकलें और न जायें। साथ ही डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहने की बात कही। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील चौक चौराहों पर सीसीटीवी/वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों से बचें एवं त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाएं।







