Home बिहार बिहार में गैस सिलेंडर का काला खेल बेनकाब, छापेमारी में 135 से...

बिहार में गैस सिलेंडर का काला खेल बेनकाब, छापेमारी में 135 से ज्यादा सिलेंडर जब्त

43
0
Gas cylinder racket exposed in Bihar, over 135 cylinders seized in raid

अररिया: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में की गई। इस दौरान करीब 135 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि फारबिसगंज थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 स्थित पोखर बस्ती में घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर उनकी कालाबाजारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की।

टीम ने देर शाम करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद एक घर और उससे सटी दुकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से अलग-अलग कंपनियों के करीब 135 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। प्रशासन की टीम ने मौके से सभी बरामद सिलेंडरों को जब्त कर लिया। एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने बताया कि बरामद किए गए सभी गैस सिलेंडरों को फिलहाल थाने भेजा जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026

साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतने बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडर किसने जमा किए थे और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे घरेलू गैस की कालाबाजारी पर रोक लगेगी। प्रशासन ने भी साफ कहा है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार बरामद गैस सिलेंडर साबिर अंसारी नाम के एक व्यक्ति के घर और दुकान से मिले हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।







GNSU Admission Open 2026