अब 20 मार्च तक मिलेगा मौका
पटना। शिक्षा के अधिकार कानून के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर चयनित बच्चों के नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। शिक्षा विभाग की ओर से पूर्व में जारी आदेश के तहत पहले यह तिथि 10 मार्च निर्धारित थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 20 मार्च कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक चयनित छात्रों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित हो सके।
उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन नामांकन के लिये चयनित 69,193 छात्रों में से निर्धारित तिथि तक केवल 40,628 छात्रों का ही स्कूलों में दाखिला हो पाया था, जिसके बाद शेष बच्चों को अवसर देने के लिये प्रवेश की समय- सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नामांकन प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें और ऑनलाइन चयनित सभी छात्रों का 20 मार्च तक संबंधित विद्यालयों में दाखिला सुनिश्चित करायें। साथ ही यह भी कहा गया है कि जिन निजी विद्यालयों की ओर से नामांकन प्रक्रिया में शिथिलता बरती जा रही है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिये प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाये, जिससे चयनित छात्रों को समय पर शिक्षा का अधिकार मिल सके।







