Home राष्ट्रीय मुंबई में महिला डेंटिस्ट की आत्महत्या, सुसाइड नोट में ‘श्रद्धा वालकर केस’...

मुंबई में महिला डेंटिस्ट की आत्महत्या, सुसाइड नोट में ‘श्रद्धा वालकर केस’ का जिक्र

65
0
Female dentist commits suicide in Mumbai, mentions 'Shraddha Walkar case' in suicide note

मुंबई: मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में एक महिला डेंटिस्ट की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस मामले में युवती के प्रेमी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय डॉ. स्तुति बजरंग सोनवाने के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता और बहन के साथ एंटॉप हिल क्षेत्र में रहती थी।

पुलिस के अनुसार, 8 मार्च को स्तुति ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय उसके माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे। जब वे रात में वापस लौटे तो स्तुति कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही थी। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसके पिता ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। स्तुति फंदे से लटकी हुई मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

GNSU Admission Open 2026

मामले की जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से छह पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस के मुताबिक नोट में स्तुति ने अपने प्रेमी डॉ. फजल मोहम्मद खान पर लगातार मानसिक उत्पीड़न और धमकियां देने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि स्तुति और फजल की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और पिछले करीब एक साल से दोनों रिश्ते में थे। हालांकि इस दौरान दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे।

परिवार और पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में यह भी लिखा गया है कि फजल उसे बार-बार डराता था और कहता था कि एक दिन वह “फ्रिज में मिलेगी”। इस कथन को दिल्ली के चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।

पुलिस ने आरोपी फजल खान को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत ने उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। फिलहाल एंटॉप हिल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किन परिस्थितियों में स्तुति को यह कदम उठाना पड़ा।

GNSU Admission Open 2026