होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले में जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चोलांग टोल प्लाजा के पास हुए एक सड़क हादसे में एक महिला और उसके बेटे सहित तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान दसूहा स्थित केएमएस कॉलेज की मुख्य प्रशासक शबनम सैनी (48), उनके बेटे तुशांत (18) (दोनों निवासी दसूहा) और राहुल (25) (निवासी गुरदासपुर) के रूप में हुई है। टांडा थाना के एसएचओ गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि दुर्घटना सोमवार देर रात उस समय हुई जब शबनम सैनी और उनका बेटा अर्टिगा कार में जालंधर से दसूहा जा रहे थे। उन्होंने बताया कि चोलांग टोल प्लाजा के पास उनकी कार कथित तौर पर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पलटकर सड़क किनारे जा गिरी, जबकि अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, शबनम सैनी, उनके बेटे तुशांत और बोलेरो में सवार राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो में सवार एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान विलियम के रूप में हुई है, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टांडा में भर्ती कराया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।







