
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए हर्ष मल्होत्रा और विजय शर्मा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आज बयान जारी कर बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए वरिष्ठ नेताओं को नामित किया है।
उन्होंने बताया कि पार्टी ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को बिहार के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। श्री सिंह ने बताया कि बिहार के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन ने ओडिशा और हरियाणा सहित अन्य राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भी केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। उन्होंने बताया कि ये पर्यवेक्षक अपने-अपने राज्यों में राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के दौरान पार्टी से संबंधित गतिविधियों की निगरानी और समन्वय करेंगे।






