
रोहतास : रोहतास जिले से शनिवार को एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना जिले के कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत चवंरी गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान करगहर थाना क्षेत्र के कुम्हिला गांव निवासी मुकेश प्रसाद गुप्ता के 22 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। घटना के संदर्भ में परिजनों ने बताया कि बीते 4 मार्च को अमित घर से शाम में होली खेलने के लिए कोचस अपने दोस्तों के पास गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने आसपास के गांवों एवं रिश्तेदारों के घर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों के अनुसार युवक का मोबाइल भी बंद बता रहा था। परिजनों ने बताया कि युवक के सिर पर चाकू से हमले के गंभीर निशान मिले हैं। उसके सिर पर चाकुओं से कई बार हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एक प्राथमिकी दर्ज कराई है, लेकिन परिवार की किसी से दुश्मनी होने की बात से इनकार किया है।
वहीं घटना को लेकर रोहतास पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में सदर डीएसपी दो कुमार वैभव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।






