
पटना। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों को मिलाकर नया केंद्र शासित प्रदेश बनाने की अटकलों को खारिज करते हुए शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है और इस तरह के दावे पूरी तरह निराधार हैं।
श्री राय ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किये गए ट्विट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका बयान पूरी तरह तथ्यों से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्णिया सांसद लोगों को भ्रमित करने के लिए इस तरह की अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने अपील की कि जनता ऐसे दावों को गंभीरता से न लें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
केंद्रीय मंत्री ने सांसद के बयान को भ्रामक बताते हुए कहा कि राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के बयान में विश्वसनीयता की कमी है। श्री राय ने दोहराया कि बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों को मिलाकर किसी नए केंद्र शासित प्रदेश के गठन का कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है।






