पूर्वी चंपारण: यूपीएससी के परिणाम प्रकाशित होते ही पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन प्रखंड के पीठवा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के संजीव कुमार ने 290 रैंक लाकर पूरे जिले का मान बढ़ाया और गांव में जश्न का माहौल बन गया। संजीव कुमार, परचून व्यवसायी सुनील कुशवाहा और सुनीता कुमारी के पुत्र हैं। देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित मानी जाने वाली यूपीएससी परीक्षा में 290 रैंक लाना उनके अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
संजीव ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि उन्होंने 2022 में दिल्ली से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी। वर्ष 2023 में पहले प्रयास में वे मेंस परीक्षा तक पहुंचे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। उनके दूसरे प्रयास में उन्होंने आईआरएस की ट्रेनिंग के दौरान ऑल इंडिया रैंक 583 प्राप्त की थी। तीसरे प्रयास में मिली 290 रैंक से उनका सपना साकार हुआ।
घोड़ासहन क्षेत्र के आईएएस अधिकारी राहुल कुमार ने संजीव कुमार को बधाई दी और कहा कि अब गांवों में भी यूपीएससी की तैयारी के लिए बेहतर माहौल बन रहा है। पहले छात्र इसके लिए शहरों की ओर रुख करते थे, लेकिन अब गांव के छात्र मेहनत और सही मार्गदर्शन से बड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं। संजीव कुमार की इस उपलब्धि से पूरे पीठवा गांव और आसपास के क्षेत्रों में गर्व और उत्साह का माहौल है।







