Home झारखण्ड पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पोते का अंतिम संस्कार आज

पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पोते का अंतिम संस्कार आज

94
0
पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पोते का अंतिम संस्कार आज

जमशेदपुर/रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन (21) का हिमाचल प्रदेश के मनाली में अचानक निधन हो गया। इस खबर से उनके पैतृक गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ दिल्ली से मनाली घूमने गए थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वीर सोरेन का पार्थिव शरीर मनाली से दिल्ली, फिर रांची और वहां से सड़क मार्ग के जरिए जमशेदपुर लाया गया। फिलहाल शव को टीएमएच में रखा गया है। गुरुवार सुबह उनके पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा ले जाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी शामिल होने की संभावना है। मनाली पुलिस के मुताबिक, वीर सोरेन 22 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ मनाली पहुंचे थे और सिमसा क्षेत्र के एक होम स्टे में ठहरे हुए थे।

23 फरवरी को उन्होंने आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। 24 फरवरी की दोपहर जब वे कमरे में लौटे, तो उन्होंने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। दवा लेने के बाद वे आराम करने लगे, लेकिन कुछ देर बाद वे अचानक अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वीर सोरेन के निधन की खबर मिलते ही सरायकेला जिले के जिलिंगगोड़ा गांव में चल रहा बाहा पर्व का उत्सव रोक दिया गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है। वीर अपने मिलनसार स्वभाव और सरल व्यवहार के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। पोते के निधन से आहत चंपाई सोरेन ने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। वीर सोरेन के असामयिक निधन से परिवार, शुभचिंतकों और पूरे झारखंड में गहरा दुख और शोक का माहौल है।

GNSU Admission Open 2026
GNSU Admission Open 2026