मेरठ। रविवार का दिन मेरठ के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली रैपिड रेल सेवा ‘नमो भारत’ के अंतिम चरण और बहुप्रतीक्षित मेरठ मेट्रो परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर केंद्र और प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री तथा जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जिससे यह कार्यक्रम राजनीतिक और विकासात्मक, दोनों ही दृष्टि से खास बन गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11:50 बजे सफदरजंग एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12:20 बजे मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन के समीप बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वह सीधे शताब्दी नगर स्टेशन पहुंचकर नमो भारत के विस्तारित खंड और मेरठ मेट्रो सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री स्वयं मेट्रो में सवार होकर यात्रा करेंगे और इस दौरान स्कूली बच्चों से संवाद भी करेंगे, जिससे यह क्षण और अधिक प्रेरणादायक बन जाएगा। इसके पश्चात दोपहर एक बजे वह मेरठ साउथ स्टेशन से सड़क मार्ग द्वारा मोहिउद्दीनपुर स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद लगभग 1:50 बजे निकटवर्ती हेलीपैड से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जायेंगे।
यह उद्घाटन कई मायनों में विशेष है। मेरठ देश का पहला शहर बनेगा जहां से रैपिड रेल सेवा की औपचारिक शुरुआत हो रही है। साथ ही उत्तर प्रदेश का यह पांचवां शहर होगा जहां मेट्रो सेवा शुरू की जा रही है। देश के पहले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर पर दौड़ने वाली ‘नमो भारत’ ट्रेन को 160 किलोमीटर प्रति घंटे की सेमी-हाई स्पीड क्षमता के अनुरूप तैयार किया गया है। वहीं 135 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड और 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के साथ मेरठ मेट्रो देश की सबसे तेज मेट्रो सेवा के रूप में नई पहचान बनाने जा रही है। रविवार को मेरठ केवल एक परियोजना का उद्घाटन नहीं देखेगा, बल्कि गति, आधुनिकता और विकास के नए अध्याय की शुरुआत का साक्षी बनेगा।







