Home बिहार बिहार में स्कूल क्लासरूम में युवक का शव मिला, चोट के निशानों...

बिहार में स्कूल क्लासरूम में युवक का शव मिला, चोट के निशानों से हत्या की आशंका

139
0
Youth's body found in school classroom in Bihar, injury marks raise suspicion of murder

दरभंगा: दरभंगा के इमलीघाट पुल के पास स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के प्रथम तल के कक्षा-कक्ष से शुक्रवार को एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान गुल्लोबारा निवासी 18 वर्षीय भरत मंडल उर्फ हिमांशु के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के बहनोई सावन राय ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि हिमांशु की हत्या कर शव को स्कूल में लटकाया गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम हिमांशु दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय परिसर में अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है।

GNSU Admission Open 2026

आशंका जताई जा रही है कि नशापान के दौरान विवाद में हिमांशु की हत्या कर शव को स्कूल के ऊपरी तल्ले पर लटका दिया गया हो। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। बताया जाता है कि मृतक इलेक्ट्रिक डेकोरेशन का काम करता था। वह दो भाइयों और दो बहनों में एक था। इधर, नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया है। टीम ने मौके से सैंपल एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


GNSU Admission Open 2026