Home राष्ट्रीय ईरान से जुड़ा तेल टैंकर 8 दिन तक पाक सीमा में ‘गायब’,...

ईरान से जुड़ा तेल टैंकर 8 दिन तक पाक सीमा में ‘गायब’, भारत पहुंचते ही सख्त कार्रवाई

134
0
Iran-bound oil tanker 'missing' for 8 days in Pakistan border, strict action taken upon reaching India

नयी दिल्ली: भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत ईरान से जुड़े तीन संदिग्ध तेल टैंकरों को 6 फरवरी को मुंबई तट के पास जब्त कर बड़ी कार्रवाई की। इन टैंकरों पर अवैध तेल तस्करी, पहचान छिपाने और समुद्री नियमों के उल्लंघन का गंभीर आरोप है। इस मामले में मुंबई के येलो गेट पुलिस स्टेशन में 15 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है।

जांच के दौरान सामने आया कि जब्त किए गए टैंकरों में शामिल ‘एस्फाल्ट स्टार’ 20 से 28 जनवरी के बीच पाकिस्तान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में बिना किसी आधिकारिक सूचना के घूमता रहा। इस दौरान जहाज ने अपनी पहचान छिपाने के लिए ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS), वीएचएफ और अन्य सेंसर बंद कर दिए थे। यह कदम समुद्री निगरानी से बचने और गतिविधियों को गुप्त रखने के उद्देश्य से उठाया गया था।

GNSU Admission Open 2026

ICG के कमांडेंट अनिरुद्ध धर्मपाल डबाश की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में जहाज के मालिक, संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले जोगिंदर सिंह बराड़, कप्तान श्याम बहादुर चौहान और अन्य चालक दल के सदस्यों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कप्तान और एक अन्य क्रू सदस्य को गिरफ्तार भी कर लिया है। जहाज पर कुल 55 चालक दल के सदस्य मौजूद थे।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि ‘एस्फाल्ट स्टार’ ने बिना अनुमति हिंद महासागर क्षेत्र में अन्य जहाजों को भारी मात्रा में ईंधन और बिटुमेन का अवैध ट्रांसफर किया। अधिकारियों के अनुसार, जहाजों ने पहचान छिपाने के लिए AIS स्पूफिंग और फर्जी पहचान तकनीकों का इस्तेमाल किया।

हालांकि, जहाज के मालिक ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उनके जहाज संकटग्रस्त जहाजों को जरूरी आपूर्ति दे रहे थे। फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल और संबंधित एजेंसियां इलेक्ट्रॉनिक डेटा, दस्तावेजों और चालक दल से पूछताछ के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं।

GNSU Admission Open 2026