
असम : असम में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य को बड़ी बुनियादी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मार्च को बराक घाटी का दौरा करेंगे और कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री 22,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गुवाहाटी–सिलचर एक्सप्रेसवे का शिलान्यास करेंगे, जिसे राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से गुवाहाटी और सिलचर के बीच यात्रा का समय मौजूदा करीब आठ घंटे से घटकर लगभग साढ़े चार घंटे रह जाएगा। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वन्यजीव बोर्ड से आवश्यक मंजूरी भी मिल गई है। भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान सिलचर फ्लाईओवर का उद्घाटन भी करेंगे, जिससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, सिलचर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे को भी पर्यावरणीय मंजूरी मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना को जल्द ही राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में हवाई संपर्क को मजबूत किया जा सके।
हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि इन परियोजनाओं से बराक घाटी के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि प्रधानमंत्री के दौरे के बाद भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। यह दौरा राज्य की राजनीति और विकास दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






